
रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 150 रुपए बढ़ी -
लगभग 900 रुपए के पहुंचे एलपीजी के दाम
सार्वजनिक तेल कंपनी इंडियन ऑइल ने रसोई गैस सिलिंडर कीमत में लगभग 150 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। महानगरों में बिना सब्सिडी वाले 14 किलो के रसोई गैस सिलिंडर के दाम 144.50 रुपए से 149 रुपए तक बढ़ा दी गई है, जो बुधवार 12 फरवरी से लागू है। दिल्ली में अब 14 किलो का गैस सिलिंडर 858.50 रुपए में मिलेगा। यहां 144.50 रुपए दाम बढ़ाए गए हैं। वहीं कोलकाता में 149 रुपए बढ़कर 896.00 रुपए, मुंबई में 145 रुपए बढ़कर 829.50 रुपए और चेन्नै में 147 रुपए बढ़कर 881 रुपए कर दिए गए हैं। इससे पहले 1 जनवरी 2020 को रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए थे। हर महीने सब्सिडी और बाजार की कीमत में बदलाव होता है, लेकिन फरवरी की शुरुआत में कोई बदलाव नहीं किया गया था। 1 फरवरी को पेश हुए बजट से पहले वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के दाम में 224.98 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी, जो 1550.02 रुपए के दाम पर मिल रहा है। वहीं घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया था। यानी में घरेलू रसोई गैस सिलिंडर (14.2 किलो) 749 रुपए का ही मिल रहा था। उधर पिछले महीने तक सब्सिडी वाली कुकिंग गैस के दाम पिछले छह महीने में 62 रुपए प्रति सिलिंडर बढ़े। सरकार के फ्यूल सब्सिडी में कटौती करने के बाद ऑयल कंपनियों ने कीमतों को प्रकाशित करना बंद कर दिया है। इस कारण एलपीजी की महंगाई पर अब तक गौर नहीं किया गया था।