
हारते ही केंद्रीय मंत्रियों के बदले सुर बोले, शाहीन बाग पर कहां लड़े चुनाव
दिल्ली चुनाव परिणाम उम्मीदों के खिलाफ जाते ही केंद्रीय मंत्रियों के सुर भी शाहीन बाग को लेकर पूरी तरह बदल गए। पूरे प्रचार में शाहीन बाग की रट लगाने वाले मंत्री नतीजों के बाद कहते नजर आए कि हमने शाहीन बाग पर चुनाव लड़ा ही कब था। केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पाण्डेय ने कहा कि हमने चुनाव शाहीन बाग के मुद्दे पर नहीं लड़ा। हमारा चुनाव भाजपा के संकल्प पत्र पर था। एक अन्य मंत्री ने आधिकारिक टिप्पणी से परहेज करते हुए कहा कि हम 51 फीसदी लोगों तक पहुंचने के फार्मूले पर सही तरीके से काम नहीं कर पाए। शाहीन बाग का जो असर होना चाहिए था, वह नहीं हुआ, हमने इस मुद्दे को ‘ओवररेट' किया। एक अन्य नेता ने कहा कि हमें अपनी भाषा पर थोड़ा नियंत्रण रखना चाहिए था। इससे हमारे पक्ष में जाने वाले असली मुद्दों से ध्यान भटका और विरोधियों को हमारे खिलाफ प्रचार का मौका मिला। नतीजों का रुझान सुबह से जैसे ही आम आदमी पार्टी के पक्ष में जाता नजर आया, शुरू में तमाम दिग्गज मंत्री व नेता कैमरों व मीडिया से बचते नजर आए। चुनाव में विवादित नारे से चर्चा में आए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर की गाड़ी गेट नंबर चार के करीब ग्यारह बजे के आसपास दिखी तो मीडिया ने उनसे बात करने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं रुके। सांसद प्रवेश वर्मा ने शाहीन बाग पर कुछ भी कहने से परहेज किया। हालांकि, संसद में सबकी जुबान पर दिल्ली चुनाव परिणाम रहा है।