
भाजपा में नेता प्रतिपक्ष पद के लिए जोड़तोड़ शुरू
दिल्ली विधानसभा नेता प्रतिपक्ष को लेकर भाजपा के जीते हुए नेताओं ने जोड़तोड़ शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव में इस बार 4 वरिष्ठ नेता चुने गए हैं। चारों अपनी-अपनी दावेदारी इस पद के लिए ठोंक रहे हैं। पार्टी के लिए भी जल्द ही यह दावेदारी संकट पैदा कर सकती है। नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में कौन होगा? इसे लेकर पेच फंस सकता है। क्योंकि, इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने वाले कई वरिष्ठ नेता हैं। दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीतने वाले विजेंद्र गुप्ता अपनी दावेदारी इसलिए मजबूत मानकर चल रहे हैं कि वह पिछले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा चुके हैं। वह ऐसे समय में इस पद पर रहे जब महज तीन नेता ही जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। बदरपुर विधानसभा सीट से रामवीर सिंह बिधूड़ी ने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की है। उनकी भी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। वह भी दिल्ली के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। इसी तरह करावल नगर से मोहन सिंह बिष्ट भी भाजपा के टिकट पर चुनाव जीत गए हैं। बिष्ट भी भाजपा के पुराने कद्दावर नेताओं में शुमार हैं। इनकी भी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। दूसरी बार विधायक चुने गए ओपी शर्मा व अभय वर्मा भी दावेदारी कर सकते हैं। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष कुर्सी किसे दी जाए, इसे लेकर भी पेच फंसना तय माना जा रहा है।