
अब रामलला के दर्शन करने लेना होगा अयोध्या धाम का टिकट
रामलला के दर्शन करने के लिए अब अयोध्या धाम नाम से बस का टिकट लेना होगा। जानकारी के मुताबिक यूपीएसआरटीसी के निदेशक आईएएस अधिकारी राजशेखर के आदेश पर विभाग ने अयोध्या का बस टिकट अयोध्या धाम के नाम से बनाने की शुरुआत कर दी है। इसके लिए सॉफ्टवेयर में बदलाव किए गए हैं। जिला मुख्यालय स्थित फैजाबाद बस स्टेशन का नाम परिवहन विभाग के टिकट में अयोध्या कर दिया गया है। जबकि राम नगरी अयोध्या का टिकट अयोध्या धाम के नाम से बनाया जा रहा है। प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रदेश सरकार की ओर से फैजाबाद जनपद और फैजाबाद मंडल का नाम बदलकर अयोध्या कर दिया गया था। साथ ही इलाहाबाद जिला और मंडल का नाम बदलकर प्रयागराज किया गया था। फैजाबाद और इलाहाबाद जिला प्रथम मंडल का नाम परिवर्तित किए जाने कि प्रदेश सरकार की ओर से सूचना जारी किए जाने के बाद रोडवेज महकमे ने फैजाबाद डिपो का नाम बदलकर अयोध्या डिपो कर दिया था। इसके कुछ दिनों बाद उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के एमडी राजशेखर की ओर से आदेश जारी किया गया था कि अब अयोध्या बस स्टेशन का नाम अयोध्या धाम के नाम से जाना जाए, इसके लिए विभाग आवश्यक कार्रवाई करें। आदेश के तहत परिवहन विभाग की ओर से सॉफ्टवेयर में आवश्यक संशोधन के लिए निर्देश संबंधित कंपनी को दिया गया था। अब जिला मुख्यालय स्थित अयोध्या बस डिपो का टिकट अब अयोध्या के नाम से और राम नगरी अयोध्या का टिकट अयोध्या धाम के नाम से काटा जा रहा है।