
सोनिया-प्रियंका से मिले सिद्धू, बोले- पंजाब के हालात पर हुई चर्चा
अक्सर सुर्खियों में रहने वाले पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की है। नवजोत सिंह सिद्धू ने इस मुलाकात के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मुझे पार्टी आलाकमान ने दिल्ली बुलाया था, मैं प्रियंका जी और सोनिया जी से 25 और 26 फरवरी को मिला था। मैंने उन्हें पंजाब की मौजूदा स्थिति और आगे के रोडमैप के बारे में जानकारी दी है।
मालूम हो कि सिद्धू काफी समय से मीडिया से दूरी बनाए हुए थे। बीते दिनों पंजाब में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस विधायक नवजोत सिद्धू के आम आदमी पार्टी (आप) में जाने की भी अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, सिद्धू को 'आप' में शामिल कराने की अटकलों के बीच पार्टी के पंजाब प्रमुख भगवंत मान ने सफाई देते कहा था कि क्रिकेटर से राजनेता बने सिद्धू के साथ इस बारे में कोई आधिकारिक वार्ता नहीं हुई है। गौरतलब है कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान से अपनी दोस्ती को लेकर पार्टी और विपक्ष के निशाने पर रहने वाले सिद्धू को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने 40 स्टार प्रचारकों (स्टार कैंपेनर) की लिस्ट में सिद्धू को भी जगह दी थी। यह बात और है कि इमरान से इसी दोस्ती की वजह से सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच तल्खी बढ़ने के बाद उन्हें कैबिनेट से बाहर होना पड़ा था।