
मोदी 2.0 हर क्षेत्र के विकास में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा: नड्डा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपने हिमाचल प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास के पहले दिन आज सोलन के थोडो मैदान में आयोजित अभिनन्दन कार्यक्रम को संबोधित किया। इस कार्यक्रम को प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने भी संबोधित किया। ज्ञात हो कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी संभालने के बाद नड्डा का यह पहला गृह राज्यम का दौरा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आपके आशीर्वाद, प्रेम तथा आपकी ताकत ने जो जिम्मेदारी दी है उस आधार पर मैं आप सबको भरोसा दिलाता हूं कि कभी आपका सर झुकने नहीं दूंगा और पार्टी को मजबूती से आगे ले जाने में कोई कसर नहीं छोडूंगा। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हम सभी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं. देश में ढाई हजार से ज्यादा राजनीतिक दल हैं और यदि सभी दलों को देखा जाए तो कोई वंशवाद, कोई परिवारवाद, कोई जातिवाद तो कोई समुदाय विशेष से लिप्त है लेकिन भाजपा ही एकमात्र ऐसी राजनीति पार्टी है जहाँ वंशवाद-परिवारवाद-व्यक्तिवाद नहीं बल्कि विचारवाद है। हमें मालूम है कि कांग्रेस का अगला अध्यपक्ष कौन होगा, क्योंकि वे एक परिवार से बाहर जा ही नहीं सकते। देश की तमाम क्षेत्रीय और राष्ट्रीय पार्टियों का अगला अध्यक्ष कौन होगा, यह सबको पता है चाहे वह कांग्रेस हो, एनसीपी हो, शिव सेना हो, सपा हो, बसपा हो, टीएमसी हो या डीएमके लेकिन भारतीय जनता पार्टी का अगला अध्यक्ष कौन होगा, यह किसी को पता नहीं होता क्योंकि यहाँ नेतृत्व मेधा, परिश्रम, संगठन कौशल और नेतृत्व क्षमता के आधार पर तय होता है। यह केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है कि एक अत्यंत गरीब घर में जन्म लेने वाला बेटा देश का प्रधानमंत्री बन सकता है तो मुझ जैसा एक साधारण कार्यकर्ता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष। अकेली भाजपा है जहां इस बात का पालन किया जाता है कि कोई कार्यकर्ता ही पार्टी का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेगा। साधारण परिवार से आया शख्सज देश का प्रधानमंत्री बने, ऐसा भाजपा में ही संभव है। देश में मौजूद बाकी सभी राजनीतिक दलों के लिए परिवार ही पार्टी है जबकि हमारे लिए पार्टी ही परिवार है। बाकी सभी पार्टियों में एक ही परिवार के लोगों के लिए नारे लगाने पड़ते हैं। बाकी पार्टियां वंशवाद, जातिवाद और परिवारवाद के आधार पर चलती हैं जबकि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता, संगठन और विचारधारा के आधार पर आगे बढ़ती है। भाजपा एकमात्र पार्टी है जो विचारनिष्ठ पार्टी है और जिसके कार्यकर्ता विचारधारा की विशेष कार्यसंस्कृति से संस्कारित होते हैं, इसलिए हमें आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकता। नड्डा ने कहा कि यह विचारधारा, हमारे नेताओं की नेतृत्व क्षमता, कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा और सत्ता को जन-सेवा का माध्यम बनाने की हमारी नीति का ही परिणाम है कि भारतीय जनता पार्टी 17 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। आज देश में भाजपा के 385 सांसद, लगभग 1325 विधायक और काफी बड़ी संख्या में पंचायत से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चुने हुए जन-प्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि जन संघ से लेकर अब तक के हमारे सभी प्रस्तावों में एकरूपता है, निरंतरता है। भाजपा आज तक अपने विचारों से डिगी नहीं, लगातार अपने ध्येय को लेकर चलती रही और इसी का परिणाम है कि आज भाजपा एक बटवृक्ष के रूप में दुनिया के सामने खड़ी है। हमने विपरीत परिस्थितियों में भी अपना स्टैंड नहीं बदला जबकि लगभग सभी पार्टियों ने अपनी विचारधारा के साथ समझौता किया। जो देश सेवा का अवसर हमें भाजपा में काम करते हुए मिलता है, वह किसी और दल में नहीं मिल सकता। आवश्यकता है अपने मजबूत आधार पर विश्वास रखने और उसे संभाल कर रखने की। भारतीय जनता पार्टी को अपना उत्कर्ष देखना शेष है और जहाँ तक पहुंचे हैं उससे और आगे हमें बढ़ना है।