YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल ईस्ट

नेताओं, कार्यकर्ताओं और लोगों की सलाह से ही करेंगे बिहार कांग्रेस में बदलाव : दास

नेताओं, कार्यकर्ताओं और लोगों की सलाह से ही करेंगे बिहार कांग्रेस में बदलाव : दास

पटना । बिहार के नए कांग्रेस प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्त चरण दास ने बिहार संगठन में परिवर्तन के संकेत देते हुए कहा कि संगठन को कार्यकर्ताओं और जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार पहुंचकर वहां के नेताओं, कार्यकर्ताओं और जिलों का दौरा करने के बाद ही संगठन में बदलाव के बारे में निर्णय लिया जाएगा।
कांग्रेस के कई लोगों के राजद के साथ जाने पर उन्होंने कहा कि राजनीति में बहुत बार समयानुसार फैसले लेने होते हैं, लेकिन हमारी प्राथमिकता संगठन को गतिशील बनाने की है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि कांग्रेस में बदलाव आपको कुछ दिनों में दिखाई देने लगेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जो भी लोग आना चाहते हैं, उनका स्वागत है। कांग्रेस के द्वार सभी लोगों के लिए खुला है। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता और नेता घर में बैठे हैं, उनकों एक्टिव किया जाएगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा पहले कांग्रेस का जो व्यापक स्वरूप था, उसे फिर से हासिल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कांग्रेस में प्रशिक्षण बहुत सालों से बंद है, इसलिए नए कार्यकर्ता कांग्रेस की नीतियों को नहीं जान पाते, यही कारण है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम फिर से शुरू किया जाएगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शक्ति सिंह गोहिल के बाद बिहार प्रभारी बनाए गए दास ने कहा कि जनता कांग्रेस की विचारधारा और नैरेटिव को समझेगी। उन्होंने कहा कि संगठन सर्वोपरि होगा। दास ने कहा कि कांग्रेस छोड़कर गए लोगों का पार्टी में फिर से स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा ऐसे नेताओं की आज भी प्रासंगिकता है। उनकी पार्टी में वापसी से संगठन मजबूत होगा। पिछले दिनों कांग्रेस के पूर्व विधायक भरत सिंह के कांग्रेस के 11 विधायक टूटने के बयान पर दास ने कहा, जो लोग पार्टी में ही नहीं हैं, वे ऐसा बयान दे रहे हैं। यह विपक्ष के निर्देश पर दिया गया बयान है। इसे गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए। दास सोमवार से बुधवार तक बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात करेंगे।
 

Related Posts