YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में राजस्थान के कई हिस्सों में येलो अलर्ट 

उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में राजस्थान के कई हिस्सों में येलो अलर्ट 

नई दिल्ली । उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर का कहर  भी जारी रहा और मौसम विभाग ने राजस्थान के कुछ स्थानों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया। हालांकि कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में सोमवार को न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने के साथ ही श्रीनगर के निवासियों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली है। पंजाब और हरियाणा में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ गई है। उत्तर भारत में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर अगले 24 घंटे के दौरान शीतलहर चलने का अनुमान है। पूर्वी राजस्थान, पश्चिम राजस्थान में अलग-थलग स्थानों रात का तापमान 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। देश के मैदानी इलाकों में चुरू (पश्चिम राजस्थान) में सबसे कम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।  पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर  दिन में कड़ाके की ठंड रही। इन राज्यों के साथ पश्चिम उत्तर प्रदेश में अलग-थलग स्थानों पर दिन में सामान्य से बहुत अधिक ठंड पड़ सकती है। राजस्थान में अलग-अलग स्थानों में दिन में ठंड की स्थिति रह सकती है। रात का तापमान झारखंड के अधिकांश स्थानों पर, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती क्षेत्र, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और बिहार में कई स्थानों पर, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाके, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्व मध्य प्रदेश और गुजरात के कुछ स्थानों पर सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और करावल में अलग-अलग स्थानों में घना से बहुत अधिक घना तथा ओडिशा, जम्मू डिवीजन, पूर्व उत्तर प्रदेश और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहा। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो बीती रात के तापमान शून्य से नीचे 2.6 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान गिरकर शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। इससे पिछली रात गुलमर्ग का तापमान शून्य से नीचे 7.2 डिग्री सेल्सियस था। गुलमर्ग घाटी में सबसे ठंडा इलाका रहा। पर्यटन स्थल पहलगाम का तापमान बढ़कर शून्य से नीचे 4.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इससे पिछली रात पहलगाम का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.9 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन तक यहां का मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।
 

Related Posts