
मुंबई । सोने की कीमत में शुक्रवार को एक बार फिर गिरावट का रुख दिख रहा है। एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 60 रुपए की गिरावट के साथ खुला और दिन चढ़ने के साथ इसमे गिरावट बढ़ती गई। सुबह यह 163 रुपए की गिरावट के साथ 44532 रुपए पर ट्रेड कर रहा था। सुबह के सत्र में इसने 44523 रुपए का न्यूनतम और 44635 रुपए का अधिकतम स्तर छू लिया। जून डिलीवरी वाला सोना भी 153 रुपए की गिरावट के साथ 44949 रुपए पर ट्रेड कर रहा था। वहीं मई डिलीवरी वाली चांदी 314 रुपए की तेजी के साथ 65183 रुपए प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। इससे पहले गुरुवार को सोने की कीमत में मामूली बढ़त दर्ज की गई, जबकि चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार गुरुवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 44 रुपए बढ़कर 44,347 रुपए 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ। पिछले सत्र में सोना 44,303 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं दूसरी ओर चांदी की कीमत 637 रुपए गिर कर 64,110 रुपए प्रति किलो हो गई है। पिछले सत्र में चांदी 64,747 रुपए प्रति किलो के स्तर पर थी।