YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

रीजनल नार्थ

हिमाचल में गर्मी ने तोड़ा सीजन का रिकॉर्ड, ऊना में 43.2 डिग्री तक पहुंचा पारा

हिमाचल में गर्मी ने तोड़ा सीजन का रिकॉर्ड, ऊना में 43.2 डिग्री तक पहुंचा पारा

शिमला । हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी ने सीजन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। राज्य के ऊना जिले में बुधवार को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो गर्मियों के इस सीजन में सबसे अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री सेल्सियस रहा। अभी तक ऊना जिले में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस का रिकॉर्ड दर्ज है। इसके अलावा बुधवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 40.0, कांगड़ा 39.8, हमीरपुर 39.7, चंबा 37.4, सुंदरनगर 37.7, भुंतर 37.2, मंडी 38.1, नाहन 35.4, सोलन 35.0, धर्मशाला 32.6, मनाली 30.0, शिमला 28.3, कल्पा 27.5, केलांग 25.8, डलहौजी 24.8 और कुफरी में 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हालांकि, शाम के समय कुछ हिस्सों में बारिश होने से लोगों को राहत मिली। 
जिलावासियों का कहना है कि गर्मी का सीजन इस बार काफी लेट शुरू हुआ है, लेकिन एकाएक तापमान बेतहाशा बढ़ने के चलते काफी समस्याएं बढ़ रही हैं। दिन के समय तेज गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को घरों में दुबक कर रहने को मजबूर कर रहे हैं। दूसरी तरफ लोगों ने बिजली बोर्ड के घोषित कट पर भी खासी नाराजगी जताई है। मौसम विभाग के पर्यवेक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बुधवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जिसमें अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले तीन से चार दिनों तक गर्मी का प्रकोप ऐसे ही बढ़ने की संभावना है। 12 जून से मौसम के करवट बदलने की उम्मीद है, जिसके चलते बारिश होने से लोगों को राहत मिल सकती है। बता दें कि भीषण गर्मी के कारण पहाड़ों पर बर्फ पिघलने से ब्यास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इस वजह से पंडोह डेम के गेट खोलने पड़े हैं। बीबीएमबी पंडोह प्रबंधन ने डैम के नीचे वाले क्षेत्रों के लोगों से सचेत रहने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार के जान-माल का खतरा न हो। 
विद्युत एवं यांत्रिक मंडल बीबीएमबी पंडोह के वरिष्ठ कार्यकारी अभियंता ई राजेश हांडा ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते पहाड़ों पर बर्फ तेजी से पिघल रही है, जिसके चलते नदी में पानी बढ़ने से पंडोह डैम के जलस्तर में अचानक से वृद्धि दर्ज की जा रही है। इसी कारण पंडोह डैम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। आने वाले समय में भी पंडोह से पानी छोड़ने का क्रम जारी रहेगा। 
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में बुधवार के बाद गुरुवार को भी कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं। मध्य और उच्च पर्वतीय इलाकों के 8 जिलों में बारिश के आसार हैं। 4 मैदानी जिलों में गुरुवार और शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। यहां 12 जून से बादल बरसने की संभावना है। 15 जून तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बने रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। 
 

Related Posts