
पटना। बिहार में 2 सीटों पर हुए उपचुनाव के बाद आज निर्णय की घड़ी है। सभी दलों के नेताओं की निगाहें मतदान केन्द्र पर टिकी हुई है। जदयू और राजद के लिए यह चुनाव महज उपचुनाव नहीं बल्कि आन बान और शान की लड़ाई बानी हुई है। यही कारण है कि कुशेश्वर स्थान विधान चुनाव के लिए मतगणना के पहले तेजस्वी यादव देर रात ही दरभंगा पहुंच गए और मतगणना के पहले सरकार के खिलाफ एक बार फिर मोर्चा खोल दिया हैं। तेजस्वी ने बेरौल एसडीओ के संजीव कुमार पर वहां के डीलर सरोज मुखिया को सरकारी फोन से फोन कर धमकाने का आरोप लगाया है। दरभंगा में सुबह-सुबह ही तेजस्वी यादव ने सरकार पर चुनाव जीतने के लिए छल कपट का आरोप लगाया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने इन सभी मामलों की शिकायत चुनाव आयोग से कर दी है। डीएसपी दिलीप झा को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की है।
तेजस्वी ने कहा कि चुनाव के पहले अधिकारी इस तरह की हरकत कर रहे हैं। यदि इन लोगों को ही काउंटिंग की जिमेवारी दी जाय तो क्या होगा। आज इन्ही अधिकारियों की वजह से संवैधानिक संस्था बदनाम हो रही है। तेजस्वी यादव के आरोपों पर जदयू ने भी मोर्चा खोल दिया है। जदयू विधायक और दरभंगा जिला के अध्यक्ष विनय चौधरी ने कहा कि नौटंकी करने में अपने पिता लालू प्रसाद यादव को भी तेजस्वी ने पीछे छोड़ दिया है। कुशेश्वरस्थान और तारापुर में राजद की हार तय है और चुनाव हारते ही अदृश्य शक्ति के जैसे तेजस्वी यादव एक बार फिर से गायब हो जाएंगे।