YUV News Logo
YuvNews
Open in the YuvNews app
OPEN

फ़्लैश न्यूज़

नेशन रीजनल वेस्ट

वरिष्ठ नेता श्री जोशी के निधन से भाजपा परिवार में शोक प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया

वरिष्ठ नेता श्री जोशी के निधन से भाजपा परिवार में शोक प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया

वरिष्ठ नेता श्री जोशी के निधन से भाजपा परिवार में शोक
प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी जी का रविवार को निधन हो गया। श्री जोशी जी के निधन पर भाजपा परिवार में शोक की लहर है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्ग्नसिंह कुलस्ते, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, पार्टी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने श्री जोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कहा कि राजनैतिक शुचिता व समर्पण के प्रतीक भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठनेता व मध्यप्रदेश के पूर्वमुख्यमंत्री कैलाश जोशी के निधन से स्तब्ध हूँ। राजनीति को दिशा देने के साथ ही पार्टी व प्रदेश के विकास में आपका योगदान अभूतपूर्व है। ईश्वर पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने वाले, निर्धन और कमजोर की आवाज, विनम्र व मृदुभाषी राजनेता, पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय कैलाश जोशी के अवसान के साथ ही एक युग का अंत हो गया। अपनी मधुर वाणी से सहज ही लोगों का हृदय जीत लेने वाले प्रखर वक्ता, राजनीति के अजातशत्रु, आदरणीय स्व. कैलाश जोशी के अद्वितीय प्रशासकीय गुणों के सभी प्रशंसक थे। हम सब उनके सपनों के गौरवशाली, वैभवशाली और समर्थ मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। आज मध्यप्रदेश ने अपने एक अनमोल रत्न को खो दिया है। गरीबों, वंचितों के उत्थान और कल्याण के लिए अपना संपूर्ण जीवन होम कर देने वाले श्रद्धेय कैलाश जोशी जी सदैव मध्य प्रदेश की जनता के दिलों में रहेंगे। प्रदेश के लाल के चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं।
पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी का निधन भारतीय जनता पार्टी की अपूर्णीय क्षति है। वे एक कुशल संगठनकर्ता और प्रशासक थे। उन्होंने संघर्ष के साथ शुचिता की राजनीति की। उनके निधन पर शोक व्यक्त करता हॅू। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें एवं अपने श्री चरणों में स्थान दें।
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जोशी जी का दुःखद निधन हम सबके लिए भारी क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे व परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्री  जोशी जी सरल व सहज स्वभाव के नेता थे। वे अनुशासन प्रिय थे। उन्होंने प्रदेश में निरंतर प्रवास कर संगठन को मजबूत करने का काम किया। मध्यप्रदेश में पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री बनकर उन्होंने कार्यकर्ताओं को गौरव प्रदान किया। उनका निधन मेरी व्यक्तिगत क्षति है। प्रभु उनको श्रीचरणों में स्थान दें।
केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने कहा कि मध्यप्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूँ। वे एक सच्चे जनसेवक व नेकदिल इंसान थे, ये सिर्फ भाजपा की क्षति नहीं है अपितु यह पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश में जनसंघ की यात्रा प्रारंभ करने वाली पीढ़ी के श्रृद्धेय कैलाश जी जोशी नहीं रहे। ये मेरी व्यक्तिगत क्षति भी है। मेरे लिए स्नेह, आशीर्वाद और आदेश देने वाले महान सिद्धांतवादी नेता अब हमारे बीच नहीं हैं। ईश्वर चरणों में स्थान दें यही प्रार्थना है। 91 वर्ष की आयु में सादगी, ईमानदारी और स्पष्टवादिता की प्रतिमूर्ति को नमन करता हूँ।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी के तपोनिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जोशी के निधन से द्रवित हूँ। बहुत खालीपन सा महसूस हो रहा है। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे और परिजनों को ये अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।
नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि श्री जोशी के निधन से मध्यप्रदेश की राजनीति के एक स्वर्णिम अध्याय का अवसान हुआ है। मध्यप्रदेश भाजपा के आधार स्तंभ, ईमानदार और सादगी की प्रतिमूर्ति पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय कैलाश जोशी जी के निधन का दुःखद समाचार मिला। आदरणीय कैलाश जी राजनीति के संत थे। विगत 4 दशक से मुझे निरन्तर उनका सानिध्य मिलता रहा। उनसे जुड़ी अनेक स्मृतियां मेरे जहन में है। लेकिन अब राजनीति में उन जैसे व्यक्तित्व वाला दूसरा कैलाश जोशी कोई हो नही सकता। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। नेताप्रतिपक्ष श्री भार्गव ने कहा कि नगरपालिका अध्यक्ष से लेकर मुख्यमंत्री तक का बेदाग सफर रहा। उनके निधन से भाजपा-संगठन ने एक दिव्य और सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता खो दिया है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कहा कि श्री जोशी का अवसान जनसंघ के स्थापना काल से दल को और पुष्ट करने के लिये परिश्रम करने वाले “राजनीति के संत” की उपाधि प्राप्त करने वाले एक अनुपमेय राजनेता रहे हैं। आप पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री एवं पार्टी के अध्यक्ष भी रहे। आपके चरणों में सादर श्रद्धांजलि।

Related Posts