
15 साल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धोनी ने हासिल की तीनों बड़ी ट्रॉफियां
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 साल पूरे हो गये हैं। विश्व क्रिकेट में धोनी अकेले ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने आईसीसी की तीनों बड़ी ट्रॉफियां जीती हैं। इसके साथ ही धोनी की कप्तानी में ही भारतीय टीम टेस्ट में नंबर एक बनी थी।
धोनी ने 1998 में जूनियर क्रिकेट की शुरुआत की थी और 23 दिसंबर 2004 में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ एकदिवसीय मैच से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। धोनी बांग्लादेश के खिलाफ अपनी पहली सीरीज में कुछ खास नहीं कर पाए पर अगली सीरीज में पाकिस्तान के खिलाफ अपने पांचवें एकदिवसीय मैच में 148 रनों की आक्रामक पारी खेलकर सबका ध्यान खींचा।
धोनी बेहद तेजी से आगे बढ़े और चार साल बाद ही साल 2008 में कप्तान बन गये। धोनी ने सभी चुनौतियों का सामना करते हुए भारतीय टीम को आगे बढ़ाया। दिसंबर 2014 में धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से अचानक संन्यास ले लिया। धोनी ने साल 2017 की शुरुआत में ही एकदिवसीय और टी20 कप्तानी भी छोड़ दी।
वहीं 2019 विश्वकप के बाद धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ब्रेक ले लिया। वह विश्व कप के बाद से किसी भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज का हिस्सा नहीं रहे। इसके बाद से ही धोनी के संन्यास की अटकलें शुरु हो गयीं। इस बारे में क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि धोनी बेहद जानकार खिलाड़ी हैं और कब खेल को अलविदा कहना है यह स्वयं जानते हैं।