
आईपीएल और विराट पर निर्भर है धोनी की वापसी : कुंबले
दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने कहा है कि पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की वापसी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और कप्तान विराट कोहली पर निर्भर करती है। पूर्व कोच रहे कुंबले ने कहा कि धोनी की वापसी में आईपीएल बेहद अहम टूर्नामेंट होगा। उन्होंने कहा कि धोनी की वापसी इस पर भी निर्भर करेगी कि वह आईपीएल में कैसा प्रदर्शन करते हैं। इसके साथ ही यह कप्तान विराट पर निर्भर रहेगा कि भारतीय टीम को विश्व कप 2020 में उनकी सेवाओं की कितनी जरूरत होगी। इसके साथ ही उन्होंने धोनी को वापसी के लिए इंतजार करने के लिए भी कहा है। धोनी विश्व कप के बाद से ही टीम से बाहर हैं। इसके बाद कोच रवि शास्त्री की ओर से कहा गया कि धोनी ने जनवरी तक का समय मांग है ताकि वह अपनी फिटनेस का आंकलन कर सकें। इस बीच कई बार अटकलें लगायी गयीं कि धोनी कभी भी खेल से संन्यास ले सकते हैं। वहीं कुंबले का यह भी मानना है कि टी20 विश्व कप में केएल राहुल विकेटकीपर की भूमिका निभा सकते है। उन्होंने कहा कि राहुल को टी20 विश्व कप में इस्तेमाल करने के बारे में विचार हो सकता है। वह अच्छा विकल्प है और कर्नाटक के लिए विकेटकीपिंग भी कर चुका है। सीमित ओवरों के प्रारुप में बल्लेबाज के तौर पर उनकी क्षमता के बारे में हमें पता है।