
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरने से पहले रोहित के अंगूठे में लगी चोट
श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के बाद अब टीम इंडिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती ऑस्ट्रेलिया की है। जिसके खिलाफ विराट कोहली की अगुआई में टीम इंडिया 14 जनवरी को मुंबई में पहला वनडे मैच खेलने उतरेगी। मगर उससे पहले टीम के लिए एक बुरी खबर है कि टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए हैं। नेट प्रैक्टिस के दौरान गेंद रोहित के अंगूठे पर लग गई है। उनकी चोट को लेकर टीम चिंता में पड़ गई है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब अहम सीरीज से पहले रोहित चोटिल हुए हैं। टेस्ट मैच में डेब्यू से पहले भी उनके टखने में चोट लग गई थी और नवंबर में भी अभ्यास के दौरान वह चोटिल हो गए थे।
मुंबई में अभ्यास के दौरान रोहित के दाहिने अंगूठे पर गेंद लग गई है। फिजियो नितिन पटेल ने उनकी स्थिति की जांच की, मगर उनके आगे के उपचार के बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। इस चोट के कारण उन्हें पेन तक पकड़ने में तकलीफ हो रही है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में रोहित शर्मा का एक फैन जब मुंबई इंडियंस की जर्सी पर उनके ऑटोग्राफ लेने गया तो उनसे सही से पेन तक नहीं पकड़ा जा रहा था।