
धोनी ने झारखंड रणजी टीम के साथ की प्रैक्टिस
बीसीसीआई की कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से बाहर किए गए पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने भविष्य को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच गुरुवार को झारखंड रणजी टीम के साथ अभ्यास शुरू कर दिया। 38 वर्षीय धोनी रांची में अपनी घरेलू टीम के नेट अभ्यास सत्र के दौरान उपस्थित थे। इस तरह से उन्होंने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग के लिए खुद को तैयार रखने के संकेत भी दे दिए हैं। झारखंड टीम प्रबंधन के करीबी सूत्रों ने बताया, 'यहां तक कि हमें भी पता नहीं था कि वह हमारे साथ अभ्यास करने के लिए आ रहे हैं। यह सुखद आश्चर्य था। उन्होंने कुछ देर तक बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा, 'हमें उम्मीद है कि वह नियमित तौर पर टीम के साथ अभ्यास करेंगे। उनकी उपस्थिति से ही खिलाडिय़ों को मदद मिल सकती है। धोनी अपने अभ्यास के लिए नई गेंदबाजी मशीन भी लेकर आए। झारखंड की टीम ने जहां लाल गेंद से अभ्यास किया वहीं धोनी सफेद गेंद से ही अभ्यास करेंगे। गौरतलब है कि झारखंड अपना अगला मैच रांची में रविवार से उत्तराखंड के खिलाफ खेलेगा। धोनी ने 9 जुलाई को भारत के विश्व कप सेमीफाइनल में न्यू जीलैंड से हारने के बाद कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।