
आईओए ने गांगुली को दिया आमंत्रण
भारतीय क्रिकेट बोर्ड बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली टोक्यो ओलंपिक में सदभावना दूत के तौर पर शामिल हो सकते हैं। इसका कारण यह है कि भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) ने गांगुली को सदभावना दूत बनने का निमंत्रण दिया है। आईओए महासचिव राजीव मेहता ने पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान गांगुली को इस मामले में एक पत्र भेजा है।इसमें कहा गया है, ‘आईओए आपको टोक्यो ओलिंपिक खेलों-2020 में भारतीय टीम का सदभावना दूत बनने का सम्मान प्रदान करता है। हमें उम्मीद है कि आप भारतीय टीम को तहेदिल से अपना समर्थन देंगे।’ टोक्यो ओलिंपिक खेल 24 जुलाई से 9 अगस्त के बीच खेले जाएंगे।मेहता ने कहा कि यह ओलिंपिक विशेष है क्योंकि भारत इन खेलों में भागीदारी के 100 वर्ष पूरा करेगा तथा गांगुली का सहयोग और उनकी प्रेरणा भारतीय खिलाड़ियों विशेषकर युवाओं के लिए अहम रहेगी। साथ ही कहा कि प्रशासक के तौर पर उन्होंने हमेश युवा प्रतिभाओं को तराशा है। इसलिए उनकी मौजूदगी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगी।