
भारत में होगी निशानेबाजी और तीरंदाजी चैंपियनशिप : सीजीएफ
राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) ने कहा कि राष्ट्रमंडल निशानेबाजी और तीरंदाजी चैंपियनशिप जनवरी 2022 में भारत में होगी। सीजीएफ ने यह भी कहा कि बर्मिंगम में होने वाले खेलों में इसके पदकों को रैंकिंग’ के लिए जारी होने वाली अंतिम तालिका में भी शामिल किया जाएगा। इन दोनों स्पर्धाओं के पदकों को हालांकि राष्ट्रमंडल खेलों के समापन समारोह के एक सप्ताह बाद अंतिम तालिका में जोड़ा जाएगा। सीजीएफ ने 21 से 23 फरवरी तक चली कार्यकारी बोर्ड की बैठक में यह फैसला किया। सीजीएफ ने कहा, ‘भारत में राष्ट्रमंडल तीरंदाजी और निशानेबाजी चैंपियनशिप का आयोजन 2022 में होगा। इसके आयोजन से जुड़े मामले को सीजीएफ के कार्यकारी बोर्ड द्वारा मंजूर किया गया है।’ इन दोनों स्पर्धाओं का आयोजन चंडीगढ़ में जनवरी 2022 में होगा जबकि राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 27 जुलाई से सात अगस्त 2022 तक होगा। इस फैसले से यह साफ हो गया कि चंडीगढ़ में 2022 और बर्मिंगम में 2022 अलग-अलग राष्ट्रमंडल खेल प्रतियोगिताएं होंगी।’
इसके मुताबिक, ‘बर्मिंगम 2022 खेलों के समापन समारोह के एक सप्ताह बाद सीजीएफ पदक तालिका जारी करेगा जिसमें चंडीगढ़ 2022 राष्ट्रमंडल निशानेबाजी और तीरंदाजी चैंपियनशिप के पदकों को प्रतिस्पर्धी देशों की वैध रैंकिंग के रूप में जारी किया जाएगा।’ ऐसे बेहद ही कम मौके होते हैं जब किसी बड़े खेलों के मेजबान के अलावा दूसरी जगह आयोजित होनी वाली प्रतियोगिता के पदक को अंतिम तालिका में शामिल किया जाता है
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष रनिंदर सिंह ने सीजीएफ के इस फैसले को सला अपने आप में ‘अद्वितीय और अभूतपूर्व’ बताया है।