
एशियाई खेलों में शामिल हो सकता है खो खो
भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने कहा है कि पारंपरिक खेल खो खो को जापान में 2026 में होने वाले एशियाई खेलों में शामिल किया जा सकता है। खो खो अभी दुनिया भर में 25 देशों में खेला जाता है । मेहता ने कहा ,‘‘ खो खो को एशियाई ओलंपिक परिषद ने जकार्ता में 2018 में हुए एशियाई खेलों के दौरान औपचारिक तौर पर मान्यता दी थी। उम्मीद है कि इसे 2026 खेलों तक पूर्ण दर्जा मिल जायेगा।’’ वहीं अंतरराष्ट्रीय खो खो महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल ने उम्मीद जताई कि 2022 एशियाई खेलों में खो खो को शामिल किया जायेगा। मेहता ने यह भी कहा कि भारतीय खो खो महासंघ ने दो चरण में पहली बार ‘लेवल वन’ का अंतरराष्ट्रीय कोचिंग शिविर भी आयोजित किया था। वहीं अल्टीमेट खोखो लीग के बारे में मेहता ने कहा कि यह 27 नवंबर से 20 दिसंबर तक दिल्ली, पुणे और हैदराबाद में खेली जायेगी जिसमें आठ टीमें भाग लेंगी।