
नई दिल्ली । भारत की जोशना चिनप्पा पीएसए विश्व रैंकिंग में फिर से शीर्ष दस महिला खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं। जोशना को विश्व में नंबर एक खिलाड़ी मिस्र की रनीम इल वेलिली के अचानक संन्यास लेने से शीर्ष दस में जगह मिली है हालांकि कोरोना वायरस महामारी के कारण मार्च से ही खेल रुका हुआ है।
जोशना इससे पहले भी साल 2016 में शीर्ष-10 खिलाड़ियों में शामिल हुई थी। वहीं दीपिका पल्लिकल अन्य भारतीय महिला खिलाड़ी है जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। रनीम के संन्यास के बाद अब मिस्र की नोरान गोहर विश्व में नंबर एक महिला स्क्वाश खिलाड़ी बन गई है। रनीम 19 महीने तक शीर्ष स्थान पर रही थी। उन्होंने पिछले महीने ही संन्यास की घोषणा की थी। दूसरी ओर पुरुष वर्ग में सौरव घोषाल ताजा विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान के साथ ही भारत के शीर्ष खिलाड़ी बने हुए हैं।