
नई दिल्ली । पूर्व क्रिकेटर वीरेंदर सहवाग और पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2020 की चयन समिति में शामिल किया गया है। खेल मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज मुकुंदम शर्मा इस समिति के अध्यक्ष होंगे। समिति के सदस्यों में सहवाग (क्रिकेट), सरदार सिंह (हॉकी), मोनालिसा मेहता (टेबल टेनिस), दीपा मलिक (पैरा ऐथलेटिक्स) और वेंकटेशन देवराजन (बॉक्सिंग) को शामिल किया गया है। इनके अलावा खेल कमेंटेटर मनीष बटाविया, खेल पत्रकार आलोक सिन्हा और नीरू भाटिया भी इस समिति में शामिल किये गये हैं।
खेल मंत्रालय से भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के महानिदेशक संदीप प्रधान, खेल विभाग के संयुक्त सचिव एलएस सिंह और टारगेट ओलिंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) के सीईओ राजेश राजागोपालन भी इस समिति में होंगे। द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए अध्यक्ष के अतिरिक्त दो सदस्यों को शामिल कर सकता है। यह समिति राजीव गांधी खेल रत्न, द्रोणाचार्य अवॉर्ड, अर्जुन पुरस्कार, ध्यानचंद पुरस्कार, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार और मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी के विजेताओं का भी चयन करेगी। ये अवॉर्ड 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के अवसर पर दिये जाएंगे।