
नई दिल्ली । हॉकी इंडिया ने कोच, अंपायर और कर्मचारियों के लिए आयोजित ऑनलाइन इनडोर हॉकी फोरम में भाग लिया है। इसका आयोजन एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) ने किया। एएचएफ की इस पहल का मकसद कोचिंग, अंपायरिंग और प्रतियोगिता मेजबानी के विभिन्न पहलुओं पर तकनीकी विशेषज्ञता के साथ ही अहम जानकारियां उपलब्ध कराना था। इस दौरान इंडोर हॉकी के वैश्विक चलन के अलावा मैदानी हॉकी और इंडोर हॉकी मैच के बीच बुनियादी अंतर के बारे में बात हुई। भारत की ओर से इसमें राष्ट्रीय टीम के कोचिंग से जुड़े पांच सदस्य, हॉकी इंडिया के आठ मैच अधिकारियों के अलावा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन का अनुभव रखने वाले हॉकी इंडिया के छह सदस्य भी शामिल थे। इसमें हॉकी इंडिया के हाई परफोर्मेंस निदेशक डेविड इयान जॉन भी शामिल हुए। वहीं एएचएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के विकास एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष दातो तैयब ने कहा कि अगर शीर्ष कोच, अंपायर और अनुभवी मैच आयोजक होंगे तो हॉकी का अच्छा विकास होगा।