
दुबई । आईपीएल 20 - 20 क्रिकेट के एक लीग मैच में किंग्स इलेवन पंजाब ने दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से पराजित कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 164 रन बनाए, जिसके जवाब में किंग्स इलेवन पंजाब ने 19 ओवर में 167 रन बनाकर लक्ष्य पा लिया।
162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे पंजाब के ओपनर केएल राहुल तीसरे ओवर में अक्षर पटेल की गेंद पर डेनियल सैम्स को कैच दे बैठे। उन्होंने 11 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की सहायता से 15 रन बनाए। छठवें ओवर में क्रिस गेल को रविचंद्रन अश्विन ने बोल्ड कर दिया। उन्होंने 13 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की सहायता से 29 रन का योगदान दिया। मयंक अग्रवाल 5 रन के स्कोर पर अश्विन द्वारा रन आउट कर दिए गए। 3 विकेट जल्दी गिरने के बाद निकोलस पूरन और ग्लेन मैक्सवेल ने मिलकर पारी संभाली और स्कोर 125 रन तक ले गए। पूरन ने 28 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के की सहायता से 53 रन बनाए। उन्हें रबाडा की गेंद पर ऋषभ पंत ने कैच आउट किया। मैक्सवेल ने 24 गेंदों में तीन चौके की सहायता से 32 रन बनाए उनका विकेट भी रबाडा ने लिया। कैच ऋषभ पंत ने पकड़ा। दीपक हुड्डा 14 और नीशम 4 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली के लिए रबाडा ने दो, अक्षर पटेल और अश्विन ने 1 - 1 विकेट लिए।
इससे पहले ओपनर शिखर धवन के शानदार शतक की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 164 रन बनाए।
टॉस जीतकर दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ओपनर पृथ्वी शाॅ 7 रन के स्कोर पर जेम्स नीशम की गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल को कैच थमा बैठे। इसके बाद श्रेयस अय्यर 12 गेंदों में 1 छक्के की सहायता से 14 रन बनाकर अश्विन की गेंद पर केएल राहुल द्वारा कैच कर लिए गये। ऋषभ पंत भी आज नहीं चले। उन्होंने धीमा खेलते हुए 20 गेंदों में एक चौके की सहायता से 14 रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल ने उन्हें मयंक अग्रवाल के हाथों कैच करवाया। मार्कस स्टोइनिस ने 10 गेंदों में 9 रन का योगदान दिया। उन्हें मोहम्मद शमी ने मयंक अग्रवाल के हाथों कैच करवा दिया। शिमरन हेटमायर को मोहम्मद शमी ने 10 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। उन्होंने एक छक्का लगाया। दिल्ली की बल्लेबाजी की खासियत शिखर धवन का लगातार दूसरा शतक था। उन्होंने 61 गेंदों में 12 चौके और तीन छक्के की सहायता से शानदार 106 रन बनाए और नाबाद रहे। दिल्ली की तरफ से मोहम्मद शमी ने दो विकेट लिए। मैक्सवेल, नीशम और अश्विन को 1 - 1 विकेट मिले।