
नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कपिल की एंजियोप्लास्टी हुई है और अभी उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। वह खतरे से बाहर बताये गये हैं। जैसे ही कपिल को दौरा पड़ने की की खबर आई सोशल मीडिया पर प्रशंसक उनके जल्द ठीक होने की दुआएं करने लगे। कपिल की कप्तानी में ही भारतीय टीम ने अपना पहला विश्व कप जीता था। वह अपने जमाने के विश्व के शीर्ष ऑलराउंडरों में शामिल हैं।
कपिल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 131 टेस्ट और 225 वनडे मैच खेले। उनके नाम टेस्ट में 5248 रन और 434 विकेट दर्ज हैं। वनडे इंटरनैशनल करियर में उन्होंने 3783 रन बनाने के साथ 253 विकेट भी लिए हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ फरीदाबाद में साल 1994 में खेला था। कपिल करीब 10 महीने तक टीम इंडिया के कोच भी रहे थे। लॉकडाउन में कपिल का नया लुक सामने आया था। उन्होंने सिर के पूरे बाल कटवा लिए थे। लेकिन दाढ़ी नहीं हटाई थी। इस कारण वे बिल्कुल नए अंदाज में दिख रहे थे।