
लंदन । लॉर्ड्स के मैदान पर भारतीय टीम के मोहम्मद शमी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया। शमी ने अंतिम दिन तेजी से खेलते हुए इंग्लैंड के सभी गेंदबाजों पर बड़े शॉट लगाये। उन्होंने अपना अर्धशतक एक लंबा छक्का लगाकर पूरा किया। शमी का यह छक्का 92 मीटर लंबा था। उन्होंने स्पिनर मोईन अली की गेंद को हवा में मार दिया। इससे पहले की गेंद पर उन्होंने चौका भी लगाया था। इस मैदान पर भारत के दिग्गज बल्लेबाज भी सफल नहीं रहे हैं। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शमी यहां 56 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं। इससे पहले भारत के ही भुवनेश्वर कुमार ने इस मैदान पर 52 रन बनाये थे।