
दो साल में पहली बार घरेलू मैदान पर खाता भी नहीं खोल पाये विराट
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन खाता खोले बिना ही पेवेलियन लौट गये। दो साल बाद ऐसा हुआ है जब विराट अपना खाता भी नहीं खोल पाये हैं। मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया ने पहले दिन के स्कोर एक विकेट पर 86 रन से आगे खेलना शुरू किया। उसने दिन की शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली विकेट जल्दी गिर गए। पुजारा जहां 54 रन बनाकर आउट हुए तो कप्तान कोहली खाता नहीं खोल सके। कोहली को अबु जायेद ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। उनका विकेट 32 ओवर की 5वीं गेंद पर गिरा। उनके विकेट के साथ ही टीम इंडिया का सकोर 119/3 हो गया। पिछले दो साल में ऐसा पहली बार हुआ जब कप्तान घरेलू मैदान पर टेस्ट पारी में खाता नहीं खोल सके। आखिरी बार श्रीलंका के खिलाफ नवंबर, 2017 में कोलकाता टेस्ट के दौरान ऐसा हुआ था। उस वक्त सुरंगा लकमल ने विराट को खाता खोलने से रोक दिया था। बिना खाता खोले घरेलू मैदान पर आउट होने की बात करें तो ऐसा विराट के साथ तीसरी बार हुआ है। बांग्लादेश और श्रीलंका से पहले वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2016/17 सीरीज के दौरान जीरो पर आउट हुए थे। पुणे में खेले गए टेस्ट में उन्हें तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने आउट करने में सफलता पाई थी।